- स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने में जनसहभागिता को बताया अहम
- सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की अपील
देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।
अपने शुभकामना संदेश में एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार करने का अवसर भी है।
तिवारी ने कहा कि देहरादून और मसूरी को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक शहर बनाने के लिए प्राधिकरण लगातार प्रयास कर रहा है। इस दिशा में आम नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से दीपावली हर्षोल्लास के साथ मनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
वहीं, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि दीपावली का पर्व खुशियां बांटने, जरूरतमंदों की मदद करने और आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि दीपोत्सव प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
दोनों अधिकारियों ने प्रदेशवासियों से दीपावली को सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाने की अपील करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
