जागेश्वर धाम की प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की चर्चा से भड़का आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम की प्राचीन और ऐतिहासिक मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित किए जाने की चर्चा ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। शनिवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम के जागेश्वर स्थित संग्रहालय पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पुजारी समाज ने विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने आशंका जताई कि संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ मूर्तियों को बिना स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जागेश्वर धाम केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की पहचान भी है। यहां संरक्षित प्राचीन मूर्तियां क्षेत्र के इतिहास और परंपराओं से जुड़ी हैं। ऐसे में इन्हें यहां से हटाने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली में विकसित किए जा रहे ‘युगे युगीन भारत’ संग्रहालय में जागेश्वर संग्रहालय की कुछ प्राचीन मूर्तियों को प्रदर्शित करने की योजना है। बताया जा रहा है कि जागेश्वर संग्रहालय में 274 से अधिक दुर्लभ और ऐतिहासिक मूर्तियां संरक्षित हैं। इनमें लकुलीश शिव और पौन राजा की मूर्तियां भी शामिल हैं।

मंदिर के पुजारी हरि मोहन भट्ट ने बताया कि जैसे ही ग्रामीणों को एएसआई की टीम के संग्रहालय पहुंचने की जानकारी मिली, आसपास के गांवों के लोग एकजुट होकर विरोध करने पहुंच गए। वहीं, जागेश्वर मंदिर समिति के पूर्व उपाध्यक्ष नवीन भट्ट ने बताया कि मूर्तियों को स्थानांतरित नहीं किए जाने की मांग को लेकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को पत्र भेजा गया है।

अनिश्चितकालीन धरने और अनशन की चेतावनी

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि मूर्तियों को जागेश्वर से ले जाने का प्रयास किया गया तो संग्रहालय के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और अनशन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने पुरातत्व विभाग से लिखित आश्वासन देने की मांग की है कि जागेश्वर की प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।

इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी स्थानीय लोगों की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने राज्य सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मूर्तियों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया रोकने की मांग की। साथ ही कुमाऊं आयुक्त से भी मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया है।

फिलहाल, मूर्तियों के स्थानांतरण को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध जारी है। अब सबकी नजरें पुरातत्व विभाग और राज्य सरकार के रुख पर टिकी हैं।