- तिरंगा फहराने के साथ विकसित भारत के निर्माण का लें संकल्प: संजीव सुंद्रियाल
देहरादून: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून ने गुरुवार को सभी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के सामूहिक संकल्प को दोहराने का आह्वान किया। इस दौरान पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की निरंतर प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि हमारा तिरंगा देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने की अटूट प्रेरणा है। उन्होंने दूरदर्शन देहरादून, आकाशवाणी और पीआईबी देहरादून के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने तथा नागरिकों को गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित किया गया है। देश ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर मना रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत के गौरव का प्रतीक होने के साथ-साथ हर नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है।
संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नई टिहरी में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो देहरादून द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 में शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक व्यापक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। अभियान के तहत देशभर में नागरिक तिरंगा यात्राओं, बाइक एवं साइकिल रैलियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न अन्य गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रदर्शित कर रहे हैं। तिरंगा भारतीयों की मातृभूमि के प्रति भावनाओं और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया है।
इस अवसर पर दूरदर्शन देहरादून और आकाशवाणी समेत पीआईबी देहरादून के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक संकल्प लेते हुए स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
