महिला कांग्रेस का विधानसभा घेराव, तत्काल महिला आरक्षण लागू करने की मांग
देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव कर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिम पैलेस, नेहरू कॉलोनी से विधानसभा की ओर विशाल आक्रोश मार्च निकाला। मार्च के दौरान “महिला आरक्षण लागू करो”, “आधी आबादी को पूरा हक दो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
विधानसभा पहुंचने से पहले पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश में हल्की झड़प की स्थिति भी बन गई। पुलिस ने कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया, जिससे प्रदर्शनकारियों का आक्रोश और बढ़ गया।
इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत भी मौके पर पहुंचे और आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने में देरी लोकतंत्र के मूल्यों के खिलाफ है। सरकार को तुरंत महिला आरक्षण लागू करना चाहिए।
महिला कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि महिला आरक्षण लागू करने में किसी भी प्रकार की देरी को वह बर्दाश्त नहीं करेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।