बागेश्वर में बनेगा आधुनिक राज्य अतिथि गृह, मुख्यमंत्री धामी की घोषणा को मिली तेज रफ्तार

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी घोषणा को धरातल पर उतारने की दिशा में राज्य संपत्ति विभाग ने बागेश्वर में प्रस्तावित आधुनिक राज्य अतिथि गृह के निर्माण को गति दे दी है। गुरुवार को राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्तमान जरूरतों के साथ-साथ भविष्य की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत है, इसलिए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए।

45 नाली भूमि पर बनेगा अत्याधुनिक अतिथि गृह प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह बागेश्वर तहसील के ग्राम ठेलापालन में लगभग 0.900 हेक्टेयर (45 नाली) भूमि पर विकसित किया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्र में सरकारी कार्यक्रमों, वीआईपी आवागमन और प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अतिथि गृह बनाया जा रहा है।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग बागेश्वर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीपीआर में पर्याप्त संख्या में अतिथि कक्ष, बैठक कक्ष, प्रशासनिक कक्ष, आधुनिक सुविधाएं और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था का प्रावधान किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि भवन केवल वर्तमान जरूरतों के लिए नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की चुनौतियों को भी ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाए।

सचिव ने डीपीआर के साथ स्थल चयन समिति की रिपोर्ट, ले-आउट स्वीकृति तथा अन्य सभी आवश्यक अनुमतियां संलग्न करने के भी निर्देश दिए, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में देरी न हो और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।

बैठक में अपर सचिव लक्ष्मण सिंह, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी, अधिशासी अभियंता इंजी. एस.के. पाण्डे और सहायक अभियंता इंजी. तनीशा पांगती सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सरकार का प्रयास है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकासपरक सोच के अनुरूप बागेश्वर में बनने वाला यह आधुनिक राज्य अतिथि गृह जिले में आने वाले विशिष्ट अतिथियों और अधिकारियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।