SRRR पब्लिक स्कूल सहसपुर में शहीद स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह को दी गई श्रद्धांजलि

पूर्व छात्र के सर्वोच्च बलिदान को नमन

  • ‘प्रशांत सिंह का साहस और समर्पण सदैव प्रेरणा देगा

देहरादून: श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, सहसपुर में विद्यालय के पूर्व छात्र एवं भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह के असम में हुए विमान हादसे में शहीद होने पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार ने शहीद अधिकारी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्या शाहना रहमान, शिक्षकगण, कर्मचारी तथा विद्यार्थियों ने शहीद स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।प्रधानाचार्या शाहना रहमान ने कहा कि स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह विद्यालय के गौरव थे। उन्होंने अपने साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया। उनका जीवन और बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करते हुए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। विद्यालय परिवार ने शहीद प्रशांत सिंह के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

शोक सभा में उपस्थित सभी लोगों ने नम आंखों से वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को नमन किया। विद्यालय परिवार ने कहा कि शहीद प्रशांत सिंह की स्मृतियां सदैव सभी के हृदय में जीवित रहेंगी।