उत्तराखंड को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, तीन रेल सेवाओं को मिली मंजूरी

  • गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक होगा विस्तार
  • हरिद्वार-वेरावल और हरिद्वार-ओखा एसी एक्सप्रेस का भी होगा संचालन

देहरादून: उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन को स्वीकृति प्रदान की है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी दी है। इस निर्णय पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। नई रेल सेवाओं और गरीब रथ एक्सप्रेस के विस्तार से प्रदेश में आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से उत्तराखंड के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में परिवहन सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के प्रयास जारी हैं।