- विष्णु लोक कॉलोनी में प्लंबिंग का काम करने आया था आरोपी
- बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर भी किया हमला; भागते समय लोगों ने पकड़ा
देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोपी प्लंबर राजकुमार ने पेचकस से ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त रमेश कपूर (80) और उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी घरेलू सहायिका तिलया देवी उर्फ शीला (48) पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार राजकुमार करीब दो वर्षों से दंपती के घर प्लंबिंग का काम करने आता था। मंगलवार को काम पूरा होने के बाद मजदूरी को लेकर विवाद हुआ। आरोपी 600 रुपये मांग रहा था, जबकि दंपती 300 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी विवाद में उसने पेचकस से हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर तिलया देवी मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह घर से भागने लगा। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। भीड़ ने आरोपी की पिटाई भी की।
पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक के गले से छीनी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। तीनों घायलों को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी अकेले दंपती के घर की ओर जाता दिखाई दिया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
